Bhopal: भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) ने ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के कुल 66 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह संस्थान भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR), स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन संचालित होता है। भर्ती के तहत ग्रुप-बी श्रेणी में 31 पद और ग्रुप-सी श्रेणी में 35 पद शामिल किए गए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
पदों का ब्योरा और रिक्तियों का वर्गीकरण
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ग्रुप-बी के 31 पदों में नर्सिंग ऑफिसर के 14, ट्यूटर (नर्सिंग कॉलेज) के 5, मेडिकल सोशल वर्कर के 3, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 2 और सिविल इंजीनियर, मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर, वार्डन, परफ्यूजनिस्ट ग्रेड-II, डायटीशियन, साइकियाट्री टेक्नीशियन व असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर का 1-1 पद शामिल है। वहीं, ग्रुप-सी के 35 पदों में मेडिकल टेक्नीशियन के 16, पर्सनल असिस्टेंट के 7, मेडिकल अटेंडेंट के 6, नॉन-मेडिकल टेक्नीशियन के 2 और फार्मासिस्ट, स्टोर इंचार्ज, स्टोर कीपर व इंसिनरेटर ऑपरेटर का 1-1 पद शामिल है।
शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और वेतनमान
आवेदन के लिए पद अनुसार 10वीं पास के साथ ITI, संबंधित ट्रेड में 2 वर्ष का डिप्लोमा, ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन के साथ 1 से 3 वर्ष का प्रासंगिक अनुभव अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा पद के आधार पर 27 से 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि से होगी। आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार छूट मिलेगी। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को पे-मैट्रिक्स के तहत ₹19,900 से लेकर ₹1,42,400 प्रतिमाह वेतन और अन्य केंद्रीय भत्ते दिए जाएंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि और चयन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू हो चुकी है और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक निर्धारित है। शुल्क भुगतान 17 अक्टूबर शाम 5 बजे तक किया जा सकता है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क ₹590 है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला और पूर्व-सैनिकों को फीस से पूरी छूट दी गई है। चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), स्किल टेस्ट (पर्सनल असिस्टेंट पद हेतु), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा।




