Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी प्रखंड के भरभरिया पंचायत में शुक्रवार को “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ की शुरुआत हुई। सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ पंचायत परिसर में जुटने लगी, क्योंकि एक ही जगह पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध थीं। शिविर का संचालन उपायुक्त और जिला दंडाधिकारी चंदन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। उनके साथ अपर उपायुक्त प्रवीण केरकट्टा, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी मौजूद थे।
उद्घाटन के साथ विभागों का निरीक्षण
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद वे सीधे उन स्टॉलों की ओर बढ़े, जहां विभिन्न विभाग अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने हर विभाग से जानकारी ली कि ग्रामीणों को क्या-क्या सुविधा दी जा रही है और प्रक्रिया कितनी सरल है।
योजनाओं का लाभ और वितरण कार्यक्रम
शिविर में समाज कल्याण विभाग ने गोद भराई और अन्नप्राशन योजनाओं के लाभुकों को मंच पर बुलाकर लाभ दिया। वहीं स्कूल की छात्राओं के बीच साइकिल और डेमो चेक का वितरण भी किया गया, जिससे छात्राओं में खास उत्साह दिखा।
सेवा का अधिकार सप्ताह का उद्देश्य
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर 21 से 28 नवंबर 2025 तक जिले में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इस दौरान पंचायतवार शिविर लगाकर लोगों को झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम–2011 के तहत सूचीबद्ध सेवाएं समय से देने पर जोर रहेगा। साथ ही ग्रामीणों को उनके अधिकारों और योजनाओं की पूरी जानकारी भी दी जाएगी।
सैकड़ों आवेदन और कई शिकायतों का निपटारा
शिविर में जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी और भूमि धारण प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन लिए गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी कई समस्याओं को भी मौके पर सुलझाया गया। अधिकारियों ने सभी आवेदनों का समय सीमा में निपटान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



