Begusarai: बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता का शिकार हुई एक महिला पर सोमवार रात फिर से जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता का फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे गांव के ही दो बदमाशों ने उसे मोबाइल फोन पर कॉल करके बुलाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, बदमाशों ने उसका फोन छीन लिया और उसे जबरन छत पर खींच ले गए। वहां उसके बालों को पकड़कर बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसे नीचे फेंक दिया गया। गनीमत यह रही कि वह नीचे रखे एक बड़े बक्से (ट्रंक) पर गिरी, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन उसकी कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
चार महीने पहले हुई थी हैवानियत की इंतहा
गौरतलब है कि चार महीने पहले इसी महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दरिंदगी का शिकार बनाया गया था। उस दौरान हैवानियत की सभी हदें पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में कारतूस और लकड़ी के टुकड़े तक डाल दिए गए थे। पीड़िता को आशंका है कि इस ताजा हमले के पीछे उन आरोपियों या उनके सहयोगियों का हाथ है, जो चार महीने पहले हुए उस सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फिलहाल जेल में बंद हैं।
पुलिस की कार्रवाई
चकिया थाना प्रभारी गौतम कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी घोंघल निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुराने मामले में पुलिस रामू महतो और नीतीश महतो को पहले ही जेल भेज चुकी है। हालांकि, इस मामले का एक अन्य आरोपी सूरज महतो अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती कर चुकी है और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है।







