नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे से पहले भारतीय अंडर-19 टीम में बदलाव किया गया है। बीसीसीआई की जूनियर चयन समिति ने उम्र से जुड़ी गड़बड़ी के आरोपों के बाद रोहित यादव को टीम से बाहर कर दिया है।
रोहित यादव की जगह वनडे टीम में सौराष्ट्र के आर्यन सवासानी को शामिल किया गया है। वहीं, चार दिवसीय मैचों की टीम में हरियाणा के तन्मय बलोदा को मौका दिया गया है।
जन्मतिथि में 27 महीने का अंतर
बीसीसीआई के अनुसार, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने रोहित यादव के दस्तावेजों की जांच की थी। जांच में उनकी वास्तविक उम्र और रिकॉर्ड में दर्ज उम्र के बीच 27 महीने का अंतर पाया गया। यह भी सामने आया कि उनके जन्म का साल तीन बार बदला गया था।
रोहित हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भारतीय U19 टीम का हिस्सा रहे थे। जांच के बाद उन्हें तत्काल टीम से बाहर कर दिया गया।
सहवाग और द्रविड़ के बेटों को मौका
ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ वनडे टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को शामिल किया गया है। अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में टीम का हिस्सा हैं।
भारत U19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, V.K. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी. यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल और आर्यन सवासानी।
भारत U19 मल्टी-डे टीम
यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय विश्वास, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव और तन्मय बलोदा।




