Kolkota: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में हुई एक दर्दनाक घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष करीब एक महीने की चुप्पी तोड़कर एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सक्रिय हो गई हैं। बारुईपुर के सूरजापुर इलाके में एक 11 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या और उसके बाद भड़की हिंसा पर उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया है। सांसद ने इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने घटना के बाद उग्र भीड़ द्वारा की गई मॉब लिंचिंग की भी सख्त शब्दों में निंदा की है और आम जनता से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद कर रही हैं मामले की निगरानी

सायोनी घोष ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वे पीड़ित बच्ची और शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस संवेदनशील मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की है, जिन्होंने भरोसा दिलाया है कि पूरे घटनाक्रम की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जा रही है। मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। सांसद ने कहा कि बारुईपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के नाते वे इस पूरे मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक तथ्यों को लिखित रूप में मुख्यमंत्री को सौंपेंगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है।

कानून में मॉब लिंचिंग के लिए कोई स्थान नहीं: सायोनी घोष

सांसद ने इलाके में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जघन्य अपराध के विरोध में भीड़ द्वारा हिंसा फैलाना या न्याय के नाम पर कानून को अपने हाथ में लेना कहीं से भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। भारतीय कानून में मॉब लिंचिंग के लिए कोई स्थान नहीं है और हिंसा करने वालों के खिलाफ भी प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह स्थानीय पुलिस अधीक्षक (SP) के लगातार संपर्क में हैं ताकि न्याय की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।

दरअसल, बारुईपुर इलाके से लापता हुई 11 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को एक बोरी में बंद मिला था, जिससे नाराज ग्रामीणों ने सड़कों को जाम कर दिया और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। इसी आक्रोश के बीच, बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी एक व्यक्ति की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मॉब लिंचिंग की इस हिंसक घटना की भी अलग से जांच की जा रही है।

Share.
Exit mobile version