गुमला:नशे के बढ़ते खतरे के खिलाफ गुमला में शुक्रवार को एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के दिशा-निर्देशन में आयोजित नशा मुक्ति अभियान के तहत व्यवहार न्यायालय गुमला से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर गुमला टाउन, टावर चौक, थाना मोड़ होते हुए गुमला बस स्टैंड तक गई, जिसके बाद पुनः व्यवहार न्यायालय परिसर में समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों की भागीदारी रही।

इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय गुमला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ध्रुव चंद्र मिश्रा, डालसा गुमला के सचिव श्री रामकुमार लाल गुप्ता, सिविल कोर्ट के न्यायिक पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, पैनल अधिवक्ता एवं डालसा के पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) मौजूद रहे।

रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त समाज” जैसे नारों के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है।

बताया गया कि यह नशा मुक्ति जागरूकता अभियान गुमला जिले के सभी प्रखंडों में एक सप्ताह तक चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत रैली, संवाद कार्यक्रम और परामर्श शिविरों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य गुमला को एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त जिला बनाना है।

रिपोर्ट- रोहित कुमार साहू

Share.
Exit mobile version