Koderma News: अब ट्रेन में सफर करते समय अगर जेब में नकद खत्म हो गया तो घबराने की जरूरत नहीं है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक शानदार पहल शुरू की है। अब चलती ट्रेन में भी ATM मशीन से रुपए निकाले जा सकेंगे। इस सुविधा की शुरुआत महाराष्ट्र की मनमाड़-सीएसएमटी पंचवटी एक्सप्रेस से की गई है, जहां पहली बार “ATM ऑन व्हील्स” का सफल परीक्षण किया गया है। यह पहल Indian Railways की डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ी उड़ान मानी जा रही है।
पेंट्री कोच को बदला गया ATM कोच में
इस ATM को ट्रेन की पुरानी मिनी पेंट्री कोच को बदलकर तैयार किया गया है। मशीन को रबर पैड और बोल्ट के जरिए मजबूत तरीके से फिट किया गया है, ताकि ट्रेन की रफ्तार और कंपन का उस पर कोई असर न पड़े। सुरक्षा के लिहाज से दो अग्निशमन यंत्र भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
टीटीई जुर्माने में भी मिलेगी राहत
अब तक स्टेशनों पर टिकट काउंटर में तो QR कोड की सुविधा थी, लेकिन ट्रेन के अंदर ऐसा कोई इंतजाम नहीं था। कई बार बिना टिकट पकड़े जाने पर यात्रियों के पास नकद नहीं होता था और विवाद की स्थिति बन जाती थी। अब ट्रेन में ATM होने से यात्री तुरंत पैसा निकालकर जुर्माना जमा कर सकेंगे।
धनबाद–कोडरमा रूट को भी मिलेगा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा आने वाले समय में धनबाद दीक्षाभूमि एक्सप्रेस, धनबाद एलपी एक्सप्रेस सहित दिल्ली–मुंबई की कई लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू की जाएगी, जो धनबाद-कोडरमा रूट से होकर गुजरती हैं। इससे झारखंड के यात्रियों को भी इस नई सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे का 2047 विजन
धनबाद रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक मोहम्मद इकबाल ने बताया कि यह प्रयोग सफल रहा तो जल्द ही अन्य ट्रेनों में भी ATM कोच लगाए जाएंगे। रेलवे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को देखते हुए लगातार नई तकनीक और आधुनिक सुविधाएं यात्रियों तक पहुंचाने में जुटी है।
अब साफ है कि आने वाले दिनों में ट्रेन का सफर सिर्फ आरामदायक नहीं, बल्कि पहले से ज्यादा स्मार्ट और सुविधाजनक होने वाला है।



