Itanagar: सरकारी नौकरी करने के इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) ने विभिन्न पदों और सेवाओं के लिए ‘ग्रुप-ए और ग्रुप-बी, राजपत्रित (तकनीकी) पद-2026 (भाग-II)’ की संयुक्त भर्ती परीक्षा के तहत आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 37 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
रिक्त पदों का विवरण
अरुणाचल प्रदेश पीएससी की ओर से जारी 37 रिक्तियों में विभिन्न विभागों के पद शामिल हैं:
फाइनेंस और अकाउंट्स ऑफिसर / ट्रेजरी ऑफिसर (वित्त विभाग): 7 पद
सब-ट्रेजरी ऑफिसर (वित्त विभाग): 7 पद
असिस्टेंट डायरेक्टर (गृह विभाग): 5 पद
असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (गृह विभाग): 18 पद
महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर की शाम 10 बजे से शुरू हो जाएगी, और आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तय की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय होने के बाद तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन पत्र भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को 200 रुपए का निर्धारित आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा, जबकि पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों को इस शुल्क से छूट दी गई है।
योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
इन पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभाग के अनुसार ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, असिस्टेंट डायरेक्टर और असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पदों के लिए उम्मीदवारों के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 7 वर्षों का कार्य अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के चरणों के आधार पर किया जाएगा। चयन के बाद उम्मीदवारों को पद के अनुसार 44,900 रुपए से 1,77,500 रुपए प्रति माह तक की सैलरी और अन्य भत्ते दिए जाएंगे।



