Lohardaga News: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को कुडू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने की। इसमें सीओ सह बीडीओ संतोष उरांव, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर, थाना प्रभारी अजित कुमार के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा कमिटी के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने कहा कि मुहर्रम आस्था एवं अनुशासन का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा -निर्देशों का पालन करने, निर्धारित मार्गों पर ही जुलूस निकालने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की

। बैठक के दौरान सेंट्रल मोहर्रम कमिटी एवं उप प्रमुख ऐनुल अंसारी द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, अधिकारियों तथा बैठक में पहुंचे सभी गणमान्य लोगों का पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया। वहीं उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों ने कहा कि असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। मौके पर एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, आजाद, सलीम अमीर, ऐनुल अंसारी, साजिद कलाल, वारिश अंसारी, रज़ी अंसारी, रशीद अंसारी, ओम प्रकाश भारती, संजय तिलक, अवधेश उरांव, हकीम अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version