Ranchi News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय सदस्य अन्तु तिर्की को 13 महीने 13 दिन बाद जेल से रिहाई मिली है। सुप्रीम कोर्ट से 29 मई 2025 को उन्हें जमानत मिली थी। इसके बाद 1 जून को रांची व्यवहार न्यायालय से रिहाई आदेश प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर अन्तु तिर्की को होटवार स्थित भगवान बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से रिहा किया गया।

जेल से बाहर निकलते ही उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ समर्थकों ने नेता के प्रति अपना स्नेह और सम्मान प्रकट किया। समर्थकों की भीड़ काफी बड़ी थी, जिसमें बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, युवा नेता और ग्रामीण समर्थक शामिल थे।

अन्तु तिर्की झामुमो के पूर्व केंद्रीय सदस्य एवं गुमला जिले के पूर्व जिला सचिव रह चुके हैं। उनकी रिहाई से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया और तिर्की को फिर से पार्टी के संगठनात्मक काम में सक्रिय देखने की उम्मीद जताई।

इस मौके पर अन्तु तिर्की ने सभी का धन्यवाद किया और कहा कि वे जनता की सेवा और पार्टी के संघर्षों में फिर से सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Share.
Exit mobile version