Agar Malwa: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के समीप एक कार बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई। इस हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल 8 लोगों की डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक मां बगलामुखी के दर्शन करने जा रहे थे।
पानी के बहाव का अंदाजा न होना बना वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक नाले में पानी के तेज बहाव और गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सका। उसने पानी के बीच से ही गाड़ी निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज धार के सामने कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे नाले में जा समाई। शनिवार सुबह जब नाले का जलस्तर कम हुआ, तब स्थानीय राहगीरों ने पानी में फंसी कार देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
उज्जैन से किराए पर ली गई थी गाड़ी
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कार से सभी आठ शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सात लोग उड़ीसा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिन्होंने उज्जैन से यह कार किराए पर ली थी। आगर मालवा पुलिस अधीक्षक ने 8 मौतों की पुष्टि की है। पुलिस मृतकों के दस्तावेजों के आधार पर उनकी पूरी पहचान जुटाने और परिजनों से संपर्क साधने में लगी है।




