Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में मंगलवार को महाराजपुर थाने के मुख्य द्वार पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। युवक को बचाने के प्रयास में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
थाने पहुंचकर इंसाफ की मांग कर रहा था युवक
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के राजथोक फुफुवार निवासी महेश मंगलवार को थाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह लगातार इंसाफ की मांग करते हुए शोर मचा रहा था। पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर ही रहे थे कि उसने जेब से एक बोतल निकाली, अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया और माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
आग लगते ही महेश इधर-उधर भागने लगा। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सौलिया और आरक्षी अरुण कुमार तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े। तीनों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आग की चपेट में आने से तीनों पुलिसकर्मी भी झुलस गए।
पत्नी ने एक दिन पहले दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, महेश की पत्नी ने एक दिन पहले उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला महाराजपुर थाने में दर्ज कराया था। इसी मामले को लेकर महेश मंगलवार को थाने पहुंचा था। गंभीर रूप से झुलसे महेश को तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल पुलिसकर्मियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महेश और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। वर्ष 2015 में उसकी शादी सचेण्डी निवासी पूनम से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




