Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को रविन्द्र भवन सभागार में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं वॉलंटियर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक जिले के सभी मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ और उनके साथ टैग किए गए वॉलंटियर्स प्रत्येक परिवार से संपर्क कर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे, नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे तथा मृत, स्थानांतरित या गलत प्रविष्टियों की जानकारी एकत्र करेंगे। विशेष रूप से ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी जिनका पता नहीं चल पा रहा है या जिनकी जानकारी अधूरी है।
प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को डिजिटल माध्यमों के उपयोग, निर्धारित प्रपत्र भरने, मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं की रिपोर्ट समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों, प्रवासी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को इस अभियान में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने सभी बीएलओ और वॉलंटियर्स से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और प्रत्येक कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी से ही त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।
