Ranchi : क्रिसमस के पावन अवसर से पहले झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की महिलाओं को नवंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत जिले की कुल 3 लाख 93 हजार 84 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये की राशि भेजी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार यह भुगतान पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया गया है, ताकि योजना का लाभ सीधे पात्र महिलाओं तक पहुंचे। इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत मिलेगी और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। क्रिसमस जैसे पर्व के अवसर पर यह सहायता राज्य सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रखंड और शहरी क्षेत्रों के आधार पर देखें तो कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,781 लाभुकों के खाते में राशि पहुंची है। सदर शहरी क्षेत्र में 25,038, मांडर में 23,308, सिल्ली में 21,390 और बेड़ो प्रखंड में 20,761 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। इसके अलावा चान्हो में 19,851, रातू में 18,790, तमाड़ में 18,758, ओरमांझी में 18,342, नगड़ी में 18,084 और नामकुम प्रखंड में 18,053 लाभुकों को भुगतान किया गया।
शहरी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला। अरगोड़ा शहरी क्षेत्र में 13,207, हेहल में 15,537, बड़गाईं में 9,702, नगड़ी शहरी क्षेत्र में 8,184, नामकुम शहरी क्षेत्र में 9,151 और कांके शहरी क्षेत्र में 1,336 महिलाओं के खाते में सम्मान राशि भेजी गई। सोनाहातू, राहे, लापुंग, खलारी, बुढ़मू, ईटकी और बुण्डू जैसे प्रखंडों में भी हजारों लाभुकों को यह सहायता मिली है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, सेवा और खुशियां बांटने का संदेश देता है। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत महिलाओं को सम्मान राशि का भुगतान राज्य सरकार की ओर से एक स्नेहपूर्ण उपहार है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक संबल प्रदान करती है, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ करती है। जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि भविष्य में भी पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मान के साथ जीवन जी सकें।



