टाटा मोटर्स में मृतक कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने तथा आश्रित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से जारी संघर्ष आखिरकार सकारात्मक परिणाम के साथ समाप्त हुआ। लगातार चार दिनों तक चले इस आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े युवाओं ने दलगत भावना और राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए एकजुटता का परिचय दिया। बंटी सिंह के नेतृत्व में चले इस संघर्ष ने न केवल टाटा मोटर्स प्रबंधन पर दबाव बनाया, बल्कि मजदूरों के अधिकार और पीड़ित परिवार के सम्मान का सवाल भी प्रमुखता से उठाया। आंदोलन के परिणामस्वरूप मृतक परिवार को स्थायी नौकरी और मुआवजा देने पर सहमति बनी।
इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन ने बंटी सिंह के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन की मजबूती, युवाओं की एकजुटता और लगातार बढ़ते जनसमर्थन को देखते हुए झामुमो सरकार के सहयोग से आंदोलन को नया राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जब किसी आंदोलन में आम जनता और युवाओं का समर्थन बढ़ता है, तब कुछ राजनीतिक शक्तियां उस संघर्ष को अपने खाते में दर्ज कराने की कोशिश करने लगती हैं। टाटा मोटर्स प्रकरण में भी संघर्ष की मूल भावना से ध्यान भटकाकर राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ फिल्म के दृश्यों पर बवाल: झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल
अप्पू तिवारी ने कहा कि पिछले चार दिनों तक विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े युवाओं ने एक मंच पर आकर पीड़ित परिवार के लिए आवाज उठाई। यह जमशेदपुर की एकजुटता और मजदूरों के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है। इस संघर्ष में बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने जिस मजबूती के साथ मोर्चा संभाला, वह सराहनीय है। आंदोलन किसी राजनीतिक पार्टी का शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक असहाय परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई थी। ऐसे में संघर्ष का राजनीतिकरण करना और उसकी उपलब्धियों का श्रेय लेने की होड़ लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि झामुमो की दोहरी राजनीतिक नीति और संघर्ष के बाद श्रेय लेने की राजनीति को मजदूर वर्ग और शहर के जागरूक युवा समझ रहे हैं। यदि वास्तव में सरकार और प्रबंधन मजदूर हितैषी हैं तो उन्हें किसी आंदोलन की प्रतीक्षा किए बिना पीड़ित परिवारों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। मजदूरों की बदौलत औद्योगिक शहर की पहचान बनी है, इसलिए उनके परिवारों के साथ किसी भी परिस्थिति में अन्याय नहीं होना चाहिए।
बंटी सिंह बोले- हमारा उद्देश्य राजनीति नहीं, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बंटी सिंह ने कहा कि इस पूरे संघर्ष का उद्देश्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल को नीचा दिखाना अथवा आंदोलन का श्रेय लेना नहीं था। हमारी पहली और आखिरी प्राथमिकता मृतक परिवार को न्याय दिलाना थी। जिस परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खोया है, उसके सामने भविष्य की चिंता और आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। ऐसे समय में परिवार के अधिकारों के लिए आवाज उठाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी थी।
यह भी पढ़ें: संपत्ति कुर्की की खबरों पर रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया रुख
उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स प्रबंधन को मजदूरों और उनके आश्रित परिवारों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। किसी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को न्याय और सम्मानजनक जीवन देने की जिम्मेदारी प्रबंधन की भी है। चार दिनों तक चले संघर्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के युवाओं और समर्थकों ने जिस तरह साथ दिया, उसके लिए वे सभी धन्यवाद के पात्र हैं। हमारा संघर्ष किसी राजनीतिक झंडे के लिए नहीं, बल्कि एक पीड़ित परिवार के अधिकार के लिए था। भविष्य में भी मजदूरों के साथ अन्याय होगा तो हम मजबूती से आवाज उठाएंगे।
सहदेव पात्रों ने जताया आभार- बंटी सिंह और उनके सभी समर्थक हमारे परिवार के लिए आदरणीय
वहीं, मृतक परिवार की ओर से सहदेव पात्रों ने भावुक होकर कहा कि इस कठिन परिस्थिति में उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब उनका परिवार संकट में था, तब जिन लोगों ने आगे आकर सहयोग किया और चार दिनों तक लगातार संघर्ष में साथ दिया, वे सभी उनके लिए आदरणीय हैं। इस लड़ाई में जिन्होंने भी उनके परिवार का साथ दिया, वे उनके योगदान को कभी नहीं भूलेंगे।
उन्होंने कहा कि परिवार के लिए स्थायी नौकरी और मुआवजे पर बनी सहमति बड़ी राहत है। इस पूरे संघर्ष में साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों के प्रति उनका परिवार आभार व्यक्त करता है।
प्रकाश कुमार बोले- जरूरत पड़ी तो मजदूर हित में फिर होगा आंदोलन
इधर, टाटा मोटर्स यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि पिछले चार दिनों से जारी संघर्ष के बाद मृतक परिवार के लिए स्थायी नौकरी और मुआवजे के मुद्दे पर सहमति बनी है। यह संघर्ष मजदूरों के अधिकार और एक पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रकाश कुमार ने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त होने का अर्थ यह नहीं है कि मजदूरों के अधिकारों को लेकर संघर्ष भी समाप्त हो गया है। यदि भविष्य में प्रबंधन की ओर से सहमति के अनुरूप कार्रवाई नहीं की जाती है अथवा मजदूरों और उनके आश्रित परिवारों के साथ किसी प्रकार का अन्याय होता है, तो आवश्यकता पड़ने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा। मजदूरों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
मजदूरों के सवाल पर राजनीति नहीं, एकजुटता की जरूरत- अप्पू तिवारी
अप्पू तिवारी ने अंत में कहा कि जमशेदपुर की पहचान मजदूरों के पसीने और संघर्ष से बनी है। यहां की औद्योगिक व्यवस्था में मजदूरों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में मजदूरों से जुड़े किसी भी गंभीर मामले को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण से देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चार दिनों तक चले संघर्ष ने यह साबित किया है कि जब युवा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होते हैं, तो प्रबंधन को भी अपनी जिम्मेदारियों का एहसास होता है। अब सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मृतक परिवार के साथ बनी सहमति को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि संघर्ष करने वालों का सम्मान होना चाहिए, न कि उनके संघर्ष को राजनीतिक उपलब्धि में बदलने की कोशिश होनी चाहिए। मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई किसी एक दल, संगठन या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संबंधित खबरें
- #ट्रेंडिंग ‘रामायण’ फिल्म के दृश्यों पर बवाल: झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल
- #ब्रेकिंग न्यूज़ संपत्ति कुर्की की खबरों पर रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया रुख
- #ब्रेकिंग न्यूज़ नागा बाबा खटाल के पास 300 ऑटो क्षमता का आधुनिक स्टैंड, नगर आयुक्त सुशांत ने किया निरीक्षण
- झारखंड झारखंड में रसोइया दीदियों का आंदोलन तेज, 10 हजार रुपये मानदेय देने की मांग








