Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की भांति भव्य और ऐतिहासिक होना चाहिए। सीएम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम ने निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे, हवाई एवं बस सेवाओं की सुविधा के लिए केंद्र एवं अन्य राज्य सरकारों से समन्वय एवं सहयोग स्थापित करने की दिशा में कार्य करें।
Read more: पटना साहिब प्रकाश पर्व पर CM सम्राट का फोकस, थीम होगी ‘बिहार है तैयार, जी आया नूं’
श्रद्धालुओं के स्वागत, आवासन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीएम ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत बेहतर ढंग से करेगी। उनके आने-जाने, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीएम ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
यातायात प्रबंधन और विभागों के आपसी समन्वय पर जोर
सीएम ने निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था, आवासन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
20 हजार श्रद्धालुओं की टेंट सिटी और कंगन घाट पर ड्रोन शो
प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी 2027 तक होगा। इस वर्ष प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है। लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी का निर्माण होगा। गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला दीवान हॉल बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए लंगर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था होगी। 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन से भव्य ड्रोन शो होगा। 16 जनवरी 2027 को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी का आयोजन होगा। सिख इतिहास पर आधारित फोटो गैलरी एवं विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।
त्याग, साहस और मानवता का संदेश देता है गुरु महाराज का जीवन
सीएम ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है। उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ किया जाना चाहिए। राज्य सरकार इस पावन अवसर को यादगार बनाना चाहती है।




