फॉण्ट कनवर्टर NEW

नगर आयुक्त ने किया कांके स्लॉटर हाउस का निरीक्षण, 5 दिसंबर से ट्रायल रन का निर्देश

रांची नगर निगम ने कांके स्लॉटर हाउस को लेकर दी सख्त चेतावनी, समय पर काम नहीं हुआ तो होगी ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कांके स्थित निगम के अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। पांच एकड़ में फैले इस स्लॉटर हाउस के दौरे के दौरान उन्होंने जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों से बारीकी से जानकारी ली।

मौजूदा स्थिति और सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्लॉटर हाउस की वर्तमान स्थिति, लगी हुई मशीनों, बुनियादी ढांचे, साफ-सफाई और आसपास के माहौल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पहले इस स्लॉटर हाउस का संचालन मेसर्स अर्श एंड इल्हाम लाइवस्टॉक एक्सपोर्टर्स के जरिए किया जा रहा था, लेकिन फिलहाल यह बंद है। यहां आधुनिक मशीनों और उपकरणों के साथ-साथ पशु चिकित्सक की देखरेख में वध से पहले पशुओं की स्वास्थ्य जांच तथा मांस की गुणवत्ता बनाए रखने की व्यवस्था मौजूद रही है। शहर की मांस दुकानों तक आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर वाले वाहन भी उपलब्ध हैं, वहीं आम लोग भी तय शुल्क देकर हलाल या झटका विधि से अपने पशुओं का वध करा सकेंगे।

5 दिसंबर तक ट्रायल रन और सख्त चेतावनी

नगर आयुक्त ने साफ निर्देश दिया कि 5 दिसंबर तक सभी जरूरी मैकेनिकल और सिविल काम पूरे कर स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन हर हाल में शुरू किया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसी को चेताया कि तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा कर दोबारा संचालन शुरू करने की व्यवस्था करें, अन्यथा एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त का मानना है कि इसके शुरू होने से लोगों को हाइजीनिक मांस मिलेगा, पूरी सप्लाई चेन व्यवस्थित होगी और शहर में अवैध तथा अस्वच्छ मांस दुकानों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।

सफाई, बुनियादी ढांचे और नियमों पर जोर

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्वच्छता शाखा को परिसर और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ियां व घास काटने तथा पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। मुख्य भवन, पार्किंग स्थल, बाउंड्री वॉल और बिजली व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य शाखा को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स रेगुलेशंस, 2011 और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल (स्लॉटर हाउस) रूल्स, 2001 के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। साथ ही वेटनरी ऑफिसर को पशुओं की जांच, मांस की गुणवत्ता और स्वास्थ्य मानकों के अनुपालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। इस मौके पर कार्यपालक अभियंता, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, फूड इंस्पेक्टर और वेटनरी ऑफिसर सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram