हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग के सदस्य और होटल एके इंटरनेशनल में गोलीबारी के आरोपी तुषार मिश्रा ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। घटना शुक्रवार (20 नवंबर) की है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से हजारीबाग ला रही थी। इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने का बहाना बनाया और पुलिस वाहन से उतरते ही भागने लगा।
हालांकि, पुलिस जवानों ने तुरंत उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई भी हुई। इसमें तुषार के पैर में गंभीर चोट लग गई, जबकि एक पुलिस जवान भी घायल हो गया।
दोनों घायलों को देर रात शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अमन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। फिलहाल तुषार का इलाज चल रहा है।
शौच जाने के बहाने भागने की कोशिश
तुषार मिश्रा को कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाया जा रहा था। हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने की बात कही। पुलिस वाहन रुकने पर जैसे ही वह नीचे उतरा, मौका देखकर भागने लगा। लेकिन पुलिस जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
होटल में गोलीबारी की साजिश रचने का आरोप
एसपी अमन कुमार ने बताया कि तुषार मिश्रा मतवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में हुई गोलीबारी का आरोपी है। वह राहुल दुबे गैंग का सदस्य है। एसपी के अनुसार, होटल में गोलीबारी की योजना तुषार ने ही तैयार की थी। आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए भी फायरिंग की साजिश रची थी।
पुलिस को आशंका है कि हजारीबाग में हुई गोलीबारी की अन्य घटनाओं के पीछे भी इसी गिरोह की भूमिका हो सकती है। इस मामले में पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता और गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।
स्वस्थ होने के बाद होगी पूछताछ
पैर में गंभीर चोट लगने के कारण पुलिस फिलहाल तुषार से विस्तार से पूछताछ नहीं कर पा रही है। एसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में उसने गोलीबारी की योजना से जुड़ी कुछ जानकारी दी है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जेल में रहते हुए तुषार गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में कैसे था और गोलीबारी की घटनाओं की योजना किस तरह तैयार की गई।




