फॉण्ट कनवर्टर NEW

बुंडू अनुमंडल अस्पताल में नवजात का शव मिलने से हड़कंप, CCTV खंगाल रही पुलिस

रांची के बुंडू अनुमंडल अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: बुंडू अनुमंडल अस्पताल में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल बुंडू थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी महिला शौचालय गई थी। इसी दौरान उसकी नजर कमोड में पड़े नवजात शिशु के शव पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी अन्य अस्पताल कर्मियों को दी और इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई। शौचालय से दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है।

एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा शव, सीसीटीवी की जांच

सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने नवजात के शव को कमोड से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो के अनुसार, नवजात लड़का था और प्रथम दृष्टया शव लगभग एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। पुलिस के मुताबिक, नवजात के शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

अस्पताल में कौन लेकर आया नवजात, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में महिला शौचालय के कमोड में उसका शव छोड़ा गया। फिलहाल बुंडू पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram