फॉण्ट कनवर्टर NEW

भव्य होगा राज्य स्थापना पखवाड़ा: पंचायत से जिला स्तर तक होंगे कार्यक्रम

डीसी ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पखवाड़े के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

पंचायत से लेकर जिला स्तर तक होंगे कार्यक्रम

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित तिथि और समय पर सभी कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस और जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य विभागों को अपने-अपने स्तर से पूर्व तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का टास्क सौंपा गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश

बैठक में केवल उत्सव की तैयारियों पर ही नहीं, बल्कि जिले में संचालित विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हर योग्य लाभुक तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की हिदायत

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन हो, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इसके साथ ही, वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत मानव दिवस सृजन (मैनडेज क्रिएशन) और नई योजनाओं की स्वीकृति प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी कर राज्य स्थापना पखवाड़ा को पूरी तरह सफल बनाने का आह्वान किया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram