फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन बनीं जदयू महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष

भागलपुर के लिए गौरव का पल: प्रथम महापौर कहकशां परवीन को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, जदयू नेताओं ने दी बधाई

अपनी भाषा में पढ़ें

भागलपुर: बिहार की राजनीति और विशेषकर भागलपुर जिले के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। जनता दल (यूनाइटेड) की वरिष्ठ नेत्री, राज्यसभा की पूर्व सांसद और भागलपुर नगर निगम की प्रथम महापौर रह चुकीं कहकशां परवीन को जदयू महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। पार्टी आलाकमान द्वारा उन्हें यह बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की खबर मिलते ही भागलपुर के जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस ऐतिहासिक मनोनयन पर जिले भर के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर हर्ष व्यक्त किया और कहकशां परवीन को ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने एक स्वर में विश्वास जताया कि उनके कुशल, अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर जदयू महिला प्रकोष्ठ संगठन को एक नई धार और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वरिष्ठ जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने कहा कि कहकशां परवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे भागलपुर जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि कहकशां परवीन लंबे समय से पूरी निष्ठा और समर्पण भाव के साथ पार्टी संगठन तथा समाज के हर वर्ग की सेवा करती आ रही हैं। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, बेहतरीन संगठनात्मक क्षमता और महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता राष्ट्रीय स्तर पर जदयू महिला प्रकोष्ठ को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी। यह मनोनयन वास्तव में उनके दशकों लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान का सच्चा सम्मान है।

वहीं, जदयू महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कहकशां परवीन को मिली यह राष्ट्रीय जिम्मेदारी पूरे बिहार और खासकर भागलपुर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि उनके नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ देश के कोने-कोने में अपने संगठन का विस्तार करेगा। इससे न केवल आधी आबादी को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी, बल्कि सक्रिय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी भी तेजी से बढ़ेगी।

कहकशां परवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शुभकामनाएं देने वालों में वरिष्ठ जदयू नेता राकेश कुमार ओझा, महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह, नवगछिया जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, दीपक चौहान, इंद्रप्रकाश मंडल, सुनीता सिंह, मृत्युंजय कुशवाहा, अर्जुन साह, लक्ष्मीकांत मंडल, मुमताज रजा, संजय सिन्हा, फणीकांत सिन्हा, राजीव सिन्हा, दीपक गुप्ता, पवन शरण, कुणाल रत्नप्रिया, प्रीति कुमारी, शाक्या सलीम, शबाना खातून और कुंजबिहारी चौधरी सहित बड़ी संख्या में जदयू नेता व कार्यकर्ता शामिल हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram