फॉण्ट कनवर्टर NEW

जदयू में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: अफाक अहमद खान बने राष्ट्रीय महासचिव

मिशन विस्तार पर जदयू: श्रवण कुमार को मिली यूपी की कमान, पार्टी ने जारी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य प्रभारियों की नई सूची

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन को धार देने और विभिन्न राज्यों में पार्टी की पैठ मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। मंगलवार को पार्टी की ओर से नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी की गई। इस नई टीम के जरिए पार्टी ने अनुभवी नेताओं और सक्रिय चेहरों के बीच बेहतर संतुलन साधने की कोशिश की है।
जारी की गई नई सूची के मुताबिक, चंदेश्वर चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अफाक अहमद खान को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, पार्टी का पक्ष राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने के लिए राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रकोष्ठ का अहम दायित्व दिया गया है।

दिग्गजों को मिली विभिन्न राज्यों की कमान

पार्टी ने कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाते हुए उन्हें अलग-अलग राज्यों का प्रभारी नियुक्त किया है। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े को पूर्वोत्तर राज्यों का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, विधायक श्याम रजक को महाराष्ट्र, विधायक रामसेवक सिंह को झारखंड और मनीष कुमार वर्मा को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है। इसी कड़ी में पूर्व विधायक सुनील कुमार को दिल्ली, राज सिंह मान को हरियाणा और हरविंदर सिंह को गोवा की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकोष्ठों की बात करें तो पूर्व सांसद कंवरदीप कौर को महिला विंग और पूर्व सांसद मौलाना गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।

राष्ट्रीय सचिवों और प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा

राष्ट्रीय महासचिवों के साथ-साथ पार्टी ने राष्ट्रीय सचिवों की सूची भी जारी की है। इसके तहत रवींद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़, विद्या सागर निषाद को मध्य प्रदेश और दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, संजय कुमार को कर्नाटक, मोहम्मद निसार को पार्टी मुख्यालय एवं तमिलनाडु, रूहल नागुण को असम और धर्मेंद्र तिवारी को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस फेरबदल के तहत शैलेंद्र कुमार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के पद से मुक्त करते हुए राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब राज्य इकाई का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह कमलेश झा को तत्काल प्रभाव से दिल्ली इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सुधीर बांका को मध्य प्रदेश राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है और महिला संगठन को सशक्त करने के लिए निवेदिता कुमारी को महिला प्रकोष्ठ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट में तीन नए चेहरे

मीडिया में पार्टी की मौजूदगी को और प्रभावी बनाने के लिए जदयू ने तीन नए राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट भी मनोनीत किए हैं। इनमें निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल के नाम शामिल हैं। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में सभी पदाधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए गए हैं, ताकि कार्यकर्ताओं और मीडिया के बीच सीधा संवाद बना रहे। सियासी गलियारों में जदयू के इस कदम को आगामी चुनावों और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विस्तार की एक सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram