फॉण्ट कनवर्टर NEW

1.35 करोड़ की लागत से बने दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का मंत्री ने किया उद्घाटन

सहरसा में बच्चों के मनोरंजन का नया ठिकाना: 12 साल तक के बच्चों की एंट्री फ्री

अपनी भाषा में पढ़ें

सहरसा: शहर के बच्चों और परिवारों के लिए मंगलवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। सहरसा नगर निगम क्षेत्र के न्यू कॉलोनी स्थित वार्ड संख्या-13 में 1.35 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए भव्य ‘राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने फीता काटकर इस आकर्षक पार्क को आम जनता और खास तौर पर बच्चों को समर्पित किया। महान राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह की स्मृति को समर्पित इस आधुनिक पार्क को विशेष रूप से बच्चों के मनोरंजन, खेलकूद और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

12 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रवेश बिल्कुल निशुल्क

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पार्क में 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रहेगा, ताकि हर वर्ग के बच्चे बिना किसी शुल्क के यहां आकर खेलकूद, झूलों और हरियाली से भरे वातावरण का आनंद उठा सकें। मंत्री ने आगे कहा कि इस चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण सहरसा शहर के सौंदर्यीकरण और विकास की दिशा में एक बेहद सराहनीय पहल है। मोबाइल और टीवी की दुनिया से दूर बच्चों को यहां एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में समय बिताने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।

समारोह में जुटे दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी

इस भव्य लोकार्पण समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सादा, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक आलोक रंजन, पूर्व विधायक गुंजेश्वर साह, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव और सहरसा नगर निगम की महापौर बैनप्रिया विशेष रूप से मौजूद रहीं।
इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, लोजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता, चंदन बागची, सुबोध साह और शशांक कुमार विक्की सहित भाजपा, लोजपा व जदयू के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। प्रशासनिक स्तर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) भरत चिंतापल्ली तथा डीडीसी सह प्रभारी नगर आयुक्त गौरव कुमार भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

वैश्य समाज और विचार मंच ने जताया आभार

पार्क का नाम महान दानवीर भामाशाह के नाम पर रखे जाने से स्थानीय लोगों और विशेषकर वैश्य समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर ‘दानवीर भामाशाह विचार मंच’ के सदस्यों सहित वैश्य समाज के प्रबुद्ध लोगों ने मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और इस ऐतिहासिक पहल के लिए उन्हें बधाई दी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram