फॉण्ट कनवर्टर NEW

सीएम सम्राट चौधरी ने ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को दिखाई हरी झंडी

बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी पहल: जल्द शुरू होंगी 5 नई चीनी मिलें, 'गन्ना साथी' एआई चैटबॉट से मिलेगी हर मदद

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना: बिहार के गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने और राज्य के चीनी उद्योग को फिर से पुरानी रौनक लौटाने के लिए राज्य सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने आयोजित एक भव्य समारोह में गन्ना उद्योग विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘गन्ना विकास रथ-2026’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

10 चीनी मिलें चालू, 5 और जल्द शुरू करने की तैयारी

इस अवसर पर किसानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि गन्ना किसानों की समृद्धि, उत्पादन में बढ़ोतरी और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने एक बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें सफलतापूर्वक कार्यरत हैं, और सरकार के निरंतर प्रयासों से जल्द ही पांच और नई चीनी मिलें शुरू होने जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सेतु का काम करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई चीनी मिलों की स्थापना और लंबे समय से बंद पड़ी पुरानी मिलों के पुनरुद्धार से न केवल राज्य का चीनी उद्योग सशक्त होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी जबरदस्त मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे।

मुफ्त बीज, सब्सिडी और आधुनिक तकनीक की मिलेगी जानकारी

‘गन्ना विकास रथ-2026’ के माध्यम से गन्ना उद्योग विभाग के विशेषज्ञ और कर्मी सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचेंगे। इस अभियान के दौरान किसानों को गन्ने की अधिक उपज देने वाली उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती के तरीकों, जैविक खाद के उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही, ‘गन्ना यंत्रीकरण योजना’ के तहत कृषि यंत्रों पर मिलने वाले भारी अनुदान (सब्सिडी) और ‘मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम’ के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर दिए जाने वाले अनुदान के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। राज्य के नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता के बारे में भी बताया जाएगा।

अब ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट से जुड़ेंगे किसान

किसानों को डिजिटल क्रांति से जोड़ने के लिए सरकार ने एक अनूठी तकनीकी पहल भी की है। इसके तहत अब किसानों को ‘गन्ना आईडी’ और ‘गन्ना साथी’ एआई (AI) चैटबॉट जैसी आधुनिक डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे वे घर बैठे अपने मोबाइल पर खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान और योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। गांवों में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए किसान गोष्ठियों और रोचक नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह तथा गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram