फॉण्ट कनवर्टर NEW

घने कोहरे का कहर: एनएच-327ई पर दो ट्रकों की भीषण आमने-सामने टक्कर

दोनों चालक गंभीर रूप से जख्मी, टला बड़ा हादसा, केबिन में फंसे चालकों को स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर निकाला बाहर

अपनी भाषा में पढ़ें

सुपौल: जिले में मंगलवार की सुबह घने कोहरे ने रफ्तार पर कहर बरपाया। जदिया थाना क्षेत्र के अंततपुर चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई (NH-327E) पर कम दृश्यता के कारण दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गनीमत रही कि एक ट्रक पर सैकड़ों एलपीजी गैस सिलेंडर लदे होने के बावजूद कोई विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा एक बेहद भयावह त्रासदी हो सकती थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए। हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए और दोनों चालक अपने-अपने क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए।

घने कोहरे में नहीं दिखा सामने से आता ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे हुई। ट्रक संख्या BR 33 GB 4736, जिस पर एचपी गैस के 504 सिलेंडर लदे हुए थे, त्रिवेणीगंज की ओर से रानीगंज की तरफ जा रहा था। ठीक उसी समय विपरीत दिशा यानी रानीगंज की ओर से गिट्टी लादकर दूसरा ट्रक (WB 57 E 8499) जदिया की तरफ आ रहा था। अंततपुर चौक से कुछ ही दूरी पहले घने कोहरे के कारण दोनों चालकों को सामने से आ रहे वाहन का अंदाजा नहीं हो सका और दोनों ट्रकों में सीधी भिड़ंत हो गई।

स्थानीय लोगों ने देवदूत बनकर बचाई जान

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद लोहे के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर व तोड़कर भीतर फंसे दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
गैस सिलेंडर लदे ट्रक के चालक नवादा निवासी 45 वर्षीय प्रवेश यादव के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और उनके सिर में भी गहरी चोट आई है। त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, गिट्टी लदे दूसरे ट्रक के चालक झारखंड के पाकुड़ निवासी फेक मोहम्मद शेख के 35 वर्षीय पुत्र उस्मान शेख भी इस टक्कर में बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने वाहनों को किया जब्त, यातायात कराया बहाल

घटना की सूचना मिलते ही जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के कारण एनएच-327ई पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया है और आवागमन को पूरी तरह सुचारू कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram