फॉण्ट कनवर्टर NEW

पत्नी पीछे बैठीं, प्रिंस विलियम ने थामी टुक-टुक की कमान; मुंबई में दिखा देसी अंदाज

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम अपनी पत्नी केट के साथ मुंबई में टुक-टुक चलाकर 2026 के अर्थशॉट प्राइज कार्यक्रम में पहुंचे। इस बार समारोह में कई मशहूर हस्तियां और पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड भी शामिल है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Mumbai: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम भारत दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को मुंबई में एक अनोखे अंदाज में नजर आए। वे खुद टुक-टुक चलाते हुए अर्थशॉट प्राइज के कार्यक्रम में पहुंचे, जबकि उनकी पत्नी प्रिंसेस केट पीछे बैठी नजर आईं। इस खास सवारी पर अर्थशॉट का लोगो भी लगा हुआ था। कार्यक्रम में इस अंदाज में पहुंचने पर प्रिंसेस केट ने खुशी जताते हुए कहा कि यहाँ आने का यह सबसे अच्छा तरीका है। दोनों ने मुंबई में 2026 के अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट से मुलाकात की और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा की।

क्या है अर्थशॉट प्राइज और उसका उद्देश्य?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंस विलियम ने करीब 6 साल पहले अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका मुख्य मकसद पर्यावरण की गंभीर समस्याओं के समाधान के नए तरीके खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। हर साल इसके तहत 5 विजेताओं को चुना जाता है, और प्रत्येक विजेता को 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है। मुंबई में आयोजित होने वाला यह छठा पुरस्कार समारोह है। केंसिंग्टन पैलेस के अनुसार, यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है, जिसके तहत भारत के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों तक इस कार्यक्रम की पहुंच बनाई गई है।

पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड

इस बार के समारोह की सबसे खास बात यह है कि इसमें पहली बार बच्चों के लिए ‘चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड’ भी शामिल किया गया है। इसके जरिए 9 से 17 साल के बच्चों द्वारा पर्यावरण बचाने की दिशा में किए गए अनूठे प्रयासों और विचारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बच्चों को अपने आसपास की पर्यावरणीय समस्याओं के अभिनव समाधान तैयार करने के वास्ते आमंत्रित किया गया था। इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड नाइट में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का जमावड़ा रहेगा, जिसमें महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रामी मालेक शामिल होंगे। इस भव्य कार्यक्रम को मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर होस्ट करेंगे।

सितारों की प्रस्तुतियां और आगे का कार्यक्रम

समारोह के दौरान प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटिश बैंड ‘टेक दैट’ के साथ अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी, जो पहली बार भारत में परफॉर्म कर रहा है। इसके अलावा, मुंबई की संगीतकार मर्लिन डीसूजा के नेतृत्व में ‘अर्थशॉट ऑर्केस्ट्रा’ और भारत का पहला ऑल-फीमेल हिप-हॉप ग्रुप ‘वाइल्ड वाइल्ड वुमन’ भी अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। अर्थशॉट प्राइज के सीईओ जेसन नॉफ ने कहा कि भारत से अब तक सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए हैं। मुंबई का यह दौरा पूरा करने के बाद प्रिंस विलियम और केट 18 नवंबर बुधवार को दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram