Rishikesh: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहला बड़ा हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बेकाबू बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 साल की एक मासूम बच्ची समेत 24 लोग घायल हुए हैं। हादसे में बचे कुछ यात्रियों के मुताबिक, बस बेहद तेज रफ्तार में चल रही थी। यात्रियों ने कई बार चालक से गाड़ी की स्पीड कम करने की गुहार लगाई थी, लेकिन उसने अनसुनी कर दी, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हो गया।
रुद्रप्रयाग में बारात की गाड़ी खाई में गिरी
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में पेश आया। यहां पोखरी से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही बारातियों से भरी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 4 घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
इस दोहरे हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, सीएम ने गूलर बस हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच के भी सख्त आदेश दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लापरवाही किसकी ओर से बरती गई थी।





