फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘ये लोग हमें जीने नहीं देंगे क्या?’ बिलकिस के पति का छलका दर्द

सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार मामले के दो दोषियों की उम्रकैद की सजा सस्पेंड किए जाने के बाद पीड़िता के पति याकूब का दर्द छलका है, वहीं वकीलों ने भी इस फैसले पर गहरी हैरानी जताई है।

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi: ‘ये लोग हमें जीने नहीं देंगे क्या। 17 साल तक हम छिपते रहे। 20 से ज्यादा घर बदले। तब इन 11 दोषियों को उम्रकैद मिली थी। हम थोड़ा सा सेटल होना शुरू करते हैं, ये कुछ नया कर देते हैं।’ बिलकिस बानो के पति याकूब को जब यह खबर मिली कि बिलकिस से गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत मिल गई है, तो उनके मुंह से यही शब्द निकल पड़े। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को 11 दोषियों में से बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोधिया की उम्रकैद की सजा को सस्पेंड कर दिया था, जिसकी जानकारी 16 नवंबर को सामने आई। इस खुलासे के बाद से एक बार फिर न्याय व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बिलकिस को नहीं दी गई है इस खबर की जानकारी

याकूब से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने इस बारे में बिलकिस बानो को बता दिया है, तो उन्होंने बेहद दर्दनाक जवाब देते हुए कहा कि उनकी हिम्मत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, “उसका डर क्या फिर जिंदा कर दूं? उससे कहूं कि फिर हमारी आजादी छिन गई? फिर लड़ना होगा, डरकर रहना होगा। अगर उसे पता चला, तो वह सदमे में चली जाएगी।” उन्होंने याद किया कि 15 अगस्त 2022 को जब ये सभी दोषी जेल से बाहर आए थे और खुलेआम जश्न मना रहे थे, तब भी बिलकिस गहरे सदमे में चली गई थी। पिछली बार इन्हीं जश्न की तस्वीरों ने उनके छूटने के सच को पूरी दुनिया के सामने बेनकाब किया था।

वकील शोभा गुप्ता ने उठाए गंभीर सवाल

इस मामले में बिलकिस बानो की वकील शोभा गुप्ता ने भी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, “मैं हैरान हूं कि जमानत कैसे मिल गई, वो भी सजा निलंबित करके। क्या यह मजाक चल रहा है?” शोभा गुप्ता ने अपने संघर्ष को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने यह केस लड़ना शुरू किया था, तब उनका करियर 7 साल का था और आज वह 32 साल का हो चुका है। पिछले 25 वर्षों से इस केस का साया उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने खुद माना था कि 17 साल तक बिलकिस घुमंतुओं और बेघरों की तरह भागती-छिपती रही, और अब वही अदालत दोषियों को राहत दे रही है। वकील ने आशंका जताई है कि जिस तरह पहले अकेले राधेश्याम ने याचिका डालकर सभी की रिहाई का रास्ता खोला था, उसी तरह इन दो दोषियों की जमानत बाकी बचे अन्य दोषियों के लिए भी रास्ते खोल सकती है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram