फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

छठ घाट पर तीन फीट से आगे नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु, DC ने दिए सख्त निर्देश

रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और बैरिकेडिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
DC

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Ranchi: राजधानी रांची में लोक आस्था के महापर्व छठ को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। डीसी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण और सुरक्षा निर्देश

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा शहर के हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब समेत कई महत्वपूर्ण छठ घाटों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलस्तर और पानी की गहराई को ध्यान में रखते हुए विशेष निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पानी में तीन फीट की गहराई के बाद अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग या घेराबंदी की जाए, ताकि कोई भी श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जा सके। साथ ही, खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती

अत्यंत संवेदनशील और भारी भीड़भाड़ वाले घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, बचाव दलों और अन्य जरूरी आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। डीसी ने सभी पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने का निर्देश दिया है ताकि वक्त पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके। इसके साथ ही, घाटों तक आने वाले एप्रोच रोड को डस्ट भरकर समतल और सुगम बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि आवागमन में कोई असुविधा न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति और समन्वय

निरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और अन्य वरीय अधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह के अलावा पथ निर्माण, विद्युत विभाग और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इनके साथ ही समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव, सागर कुमार, संबंधित वार्डों के पार्षद और विभिन्न छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष व सचिव भी उपस्थित होकर व्यवस्थाओं में सहयोग करते नजर आए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram