Patna: सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा बहनों समेत कुल 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के जरिए पेंशन की राशि सफलतापर्वक हस्तांतरित की है।
Read more: पेंशन का इंतजार खत्म… CM ने एक साथ 1.08 करोड़ खातों में भेजे ₹1,237 करोड़
इस विशेष अवसर पर प्रति लाभार्थी 1100 रुपये की दर से कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया, जिसके बाद सीएम के समक्ष बिहार पेंशन दिवस पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
सामाजिक न्याय और सुशासन का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। आज पेंशन पाने वाले सभी लाभार्थियों को उन्होंने विशेष रूप से बधाई दी और साथ ही लोक आस्था के महान पर्व छठ पूजा की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सीएम ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना केवल एक आर्थिक सहायता कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से समाज के कमजोर तबके के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा बहनों को मजबूत आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।
Read more: बिहार में 13.57 लाख पेंशनधारियों का सत्यापन बाकी, जल्द करें पूरा
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को पहले 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किया गया था, ताकि जरूरतमंदों को एक सम्मानजनक जीवन जीने के लिए पर्याप्त संबल मिल सके।
विशेष अभियान और समय पर भुगतान को प्राथमिकता
सीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे एक विशेष अभियान चलाकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित रह गए सभी पात्र व्यक्तियों की पहचान करें और उन्हें इस कल्याणकारी योजना से जोड़कर लाभ सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले एक महीने के अंतराल में ही राज्यभर से 1,36,854 नए पेंशनधारी इस योजना के साथ जुड़े हैं।
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में यह शामिल है कि हर महीने की 10 तारीख को समय पर पेंशनधारियों के खातों में राशि पहुंचाई जाए। चूंकि महापर्व छठ नजदीक है, इसलिए समय से पहले यह राशि खातों में भेजी गई है ताकि लाभार्थी अपने परिवार के साथ पर्व की खुशियां और बेहतर ढंग से मना सकें। सरकार ने सभी पेंशनधारियों को आश्वस्त किया है कि उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने और बिहार को एक समृद्ध एवं विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम लगातार जारी रहेगा।
Read more: बिहार में 1.08 करोड़ लोगों को पेंशन का सहारा, 10 तारीख होगी खास
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आधारित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक इनायत खान, निदेशक डॉ. प्रीति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और राज्य के विभिन्न जिलों से जिलाधिकारी व पेंशनधारी जुड़े रहे।







