रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बंद फ्लैट के कमरे से युवक का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक की मौत करीब दो दिन पहले हो चुकी थी। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
Read More : हजारीबाग के गांवों में आज भी जीवित है सदियों पुरानी दसामसा परंपरा
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुजुर्ग मां के साथ फ्लैट में रहता था युवक
थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक अपनी बुजुर्ग मां के साथ उसी फ्लैट में रहता था। मां-बेटे की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। दोनों भीख मांगकर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





