हजारीबाग : रोशनी के महापर्व दीपावली में माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद झारखंड के हजारीबाग में एक अनूठी और प्राचीन परंपरा निभाई जाती है। दीपावली के ठीक अगले दिन गांवों में ‘दरिद्रता भगाने’ की सदियों पुरानी परंपरा आज भी पूरी आस्था के साथ जीवंत है। स्थानीय भाषा में इसे ‘दसामसा जलाना’ कहा जाता है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बड़े पारंपरिक रूप से निभाया जाता है।
Read More : जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने बच्चों संग मनाई दीपावली, बांटी गई मिठाइयां और कंबल
क्या है यह प्राचीन परंपरा और मान्यता?
मान्यता है कि इस प्राचीन परंपरा के पालन से घर और पूरे गांव से दुख-दरिद्रता का नाश होता है और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। ग्रामीणों के अनुसार, दीपावली की रात घरों के पुराने सूप, दउरा (बांस का बर्तन) और टोकरी को घर के बाहर रखा जाता है। इसके बाद अगली सुबह घर की महिलाएं या परिवार के सदस्य एक पुराना सूप लेते हैं और उसमें किसी लोहे की वस्तु से पीटते हुए घर के कोने-कोने में घूमते हैं। इस दौरान वे ‘ईश्वर बैठे, दरिद्र निकले’ या ‘दुख-दरिद्रता भाग जाए, सुख-समृद्धि आ जाए’ जैसे पारंपरिक बोल बोलते हैं। घर के पिछले हिस्सों से कचरे और नकारात्मक ऊर्जा को मुख्य दरवाजे की तरफ लाया जाता है।
चौराहे पर जलाया जाता है सूप
घर के अंदर से नकारात्मक ऊर्जा को बाहर निकालने के बाद, उसी पुराने सूप को घर के पुरुष या ग्रामीण चौराहे पर ले जाकर जला देते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी उत्साह के साथ शामिल होते हैं। ग्रामीणों का अटूट विश्वास है कि इस अनुष्ठान से घर की नकारात्मक शक्तियों और बुरे प्रभावों का अंत होता है।
शुद्धिकरण और गंगाजल का छिड़काव
सूप को घर से बाहर दक्षिण दिशा या चौराहे पर छोड़ने और जलाने के बाद, घर की विशेष रूप से साफ-सफाई की जाती है। इसके पश्चात पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव कर घर को पवित्र किया जाता है और सभी सदस्य स्नान करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही यह लोक-परंपरा आज भी हजारीबाग की ग्रामीण संस्कृति और लोकआस्था की गहरी पहचान बनी हुई है, जो आधुनिकता के दौर में भी अपनी जड़ों से जुड़ी हुई है।





