गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। कांडी थाना क्षेत्र के भीलमा गांव में जहरीले सांप के डसने से पांच साल की एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान उपेंद्र प्रजापति की बेटी आराध्या कुमारी के रूप में हुई है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Read More : बोड़ाम में पिकअप वैन से टकराई मोपेड, मौके पर गई युवक की जान
गोइठे निकालने के दौरान कोबरा ने डसा
परिजनों ने बताया कि रविवार शाम को आराध्या घर के पास ही खेल रही थी। इसी दौरान वह जलावन के लिए रखे गोइठे (उपले) निकालने लगी। तभी वहां छिपे बैठे एक जहरीले कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के डसते ही बच्ची की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही घबराए परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मझिआंव रेफरल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत बच्ची का इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
दीपावली के दिन घर में पसरा मातम
महज पांच साल की मासूम की इस तरह अचानक हुई मौत से उसके माता-पिता और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दीपावली के जश्न और खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। इस अकाल मौत से पूरे भीलमा गांव में गमगीन माहौल है।





