रांची : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया है और इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
Read More : हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, टैंकर की टक्कर से 4 की मौत, कई घायल
हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में हुई कार्रवाई
आरपीएफ के अनुसार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 (हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस) के टाटीसिलवे स्टेशन पर रुकने पर उसके पिछले जनरल कोच की जांच की गई, जहां चार लोग संदिग्ध हालत में पकड़े गए। तलाशी लेने पर उनमें से तीन लोगों के पास मौजूद तीन बैगों से कुल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर डीडी किट से जांच कर गांजे की पुष्टि की गई। इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
ओडिशा से मंगाकर बिहार ले जाया जा रहा था गांजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
जितेंद्र, सनी और वर्मा (तीनों निवासी: कुशीनगर, उत्तर प्रदेश)
विशाल यादव (निवासी: पश्चिम चंपारण, बिहार)
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा के बलांगीर से विशाल यादव ने मंगवाया था। इसे जितेंद्र, सनी और वर्मा के जरिए पटना के रास्ते बिहार के चंपारण क्षेत्र में खपाने की योजना थी। इस अवैध काम को अंजाम देने के लिए तस्करों को आर्थिक लाभ मिलने वाला था।
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी और माल
यह पूरी कार्रवाई रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में और आरपीएफ फ्लाइंग टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर के नेतृत्व में की गई। मौके पर ही बरामद गांजे का वजन कर उसे जब्त किया गया और गवाहों की मौजूदगी में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद चारों गिरफ्तार आरोपियों, 15 किलो गांजा, तीन बैग, चार मोबाइल और अन्य दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायत दर्ज कर उन्हें राजकीय रेल पुलिस (GRP), रांची के सुपुर्द कर दिया गया।





