रांची: दीपावली को लेकर राजधानी रांची के पटाखा बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे पटाखों के स्टॉल पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में पुरानी वैरायटी के साथ कई नए डिजाइन के पटाखे भी उपलब्ध हैं। हालांकि, ग्राहकों के बीच सबसे ज्यादा मांग ग्रीन पटाखों की देखी जा रही है।
दुकानदारों के अनुसार, अब लोग पटाखे खरीदते समय कीमत और आवाज के साथ पर्यावरण का भी ध्यान रख रहे हैं। यही वजह है कि कम धुआं और कम आवाज करने वाले ग्रीन पटाखों को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
नई वैरायटी के पटाखे बने आकर्षण
इस बार बाजार में अनार, चकरी, फुलझड़ी और रॉकेट के अलावा कई नए डिजाइन के पटाखे भी आए हैं। ड्रोन बम, बैट बम और अलग-अलग तरह के स्काई शॉट्स लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
स्काई शॉट्स में 12 से लेकर 100 और 240 शॉट्स तक के विकल्प उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए भी कई तरह के आकर्षक पटाखे बाजार में मौजूद हैं। वहीं, परिवार के साथ दीपावली मनाने वाले लोग फुलझड़ी, अनार और कम आवाज वाले पटाखे खरीद रहे हैं।
ग्रीन पटाखों की बढ़ी मांग
दुकानदारों का कहना है कि इस बार ग्रीन पटाखों की मांग में बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक अब कम धुआं छोड़ने वाले प्रमाणित पटाखों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। कंपनियों ने भी बाजार में ग्रीन पटाखों की कई वैरायटी उतारी हैं, जिन पर ग्रीन लोगो और पहचान से जुड़ी जानकारी दी गई है।
कीमत बढ़ने के बावजूद बाजार में उत्साह
पिछले साल की तुलना में कुछ पटाखों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद बाजार में खरीदारों की भीड़ कम नहीं हुई है। लोग अपने बजट के अनुसार छोटी-बड़ी पैकिंग और अलग-अलग कीमतों वाले पटाखे खरीद रहे हैं।
रांची में इन पांच जगहों पर होगी पटाखों की बिक्री
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए रांची में पटाखों की खुदरा बिक्री के लिए पांच स्थान निर्धारित किए हैं।
- जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम
- बरियातू हाउसिंग ग्राउंड
- शास्त्री मैदान, चुटिया
- सेठ सीताराम ग्राउंड, डोरंडा
- हरमू काली मंदिर मैदान के सामने का क्षेत्र
वहीं, मोरहाबादी मैदान में पटाखों की थोक बिक्री की व्यवस्था की गई है।
दुकानदारों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। नई वैरायटी और ग्रीन पटाखों की मांग को देखते हुए इस बार अच्छा कारोबार होने की संभावना है।
read more : सात लोगों की मौत से खूंटी में मातम, पीड़ित परिवारों से मिले विधायक






