पूर्वी सिंहभूम: पोटका प्रखंड के माटकू पंचायत में पाथरचाकड़ी से बाघमारा गांव तक बनने वाली सड़क का काम शिलान्यास के करीब चार साल बाद भी शुरू नहीं हुआ है। इसको लेकर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।
दुलाल भुईयां ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1.28 किलोमीटर लंबी सड़क को मंजूरी मिली थी। 7 नवंबर 2022 को ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन विधायक और सांसद की मौजूदगी में सड़क का शिलान्यास किया गया था। उस समय ग्रामीणों के बीच मिठाई भी बांटी गई थी।
उन्होंने कहा कि शिलान्यास के बाद ग्रामीणों को जल्द सड़क बनने की उम्मीद थी, लेकिन करीब चार साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने भी कई बार इस मामले को उठाया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भुईयां ने कहा कि सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने योजना की स्वीकृत राशि, निर्माण में देरी और विभागीय लापरवाही की जांच कराने की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने और देरी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की अपील की। वहीं, ग्रामीण भी अब इंतजार कर रहे हैं कि आखिर सड़क का निर्माण कब शुरू होगा।





