गुमला : झारखंड के गुमला जिले में चोरों ने अब सरकारी स्कूल को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। करमटोली मैदान स्थित राजेंद्र अभ्यास मध्य विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़कर चोर दो गैस सिलेंडर और एक कटर मशीन चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षक तो टूटा मिला ताला
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी शिक्षक शिव शंकर गोप, निवासी लक्ष्मण नगर, ने गुमला थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के मुताबिक, 2 नवंबर की सुबह जब प्रभारी शिक्षक स्कूल पहुंचे, तो रसोई घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर दो गैस सिलेंडर और एक कटर मशीन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
प्रभारी शिक्षक ने पुलिस से अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।





