फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

पानी के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़, पटना में चार ठिकानों पर रेड

पटना में सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने चार बड़े प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर डुप्लीकेट बिसलेरी सहित भारी मात्रा में नकली पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया और लाइसेंस निलंबित किए।

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Patna: पटना में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के उत्पादन, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने पटना के चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बड़ी खेप जब्त कर नष्ट की गई और कुछ प्रतिष्ठानों से पानी के नमूने भी संग्रहित किए गए। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़े कदम उठाए गए हैं।

एस. हाइड्रेला, कचुआरा का लाइसेंस निलंबित

मनोहरपुर, कचुआरा स्थित एस. हाइड्रेला के निरीक्षण के दौरान बिसलेरी के नाम से डुप्लीकेट पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बड़ी मात्रा में पाया गया। कार्रवाई के दौरान एक लीटर की पंद्रह सौ लीटर तथा पाँच सौ मिलीलीटर की नौ सौ लीटर सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। निरीक्षण के दौरान लेबलिंग में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जहां उत्पाद पर अंकित पता किसी अन्य प्रतिष्ठान का था और लाइसेंस नंबर भी दूसरे फर्म का निकला। इसके अतिरिक्त, प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की भारी कमी, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट का अभाव और यूनिफॉर्म की व्यवस्था न होने जैसी कमियां मिलीं, जिसके चलते विभाग ने खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया।

मां एंटरप्राइजेज, बरी पहाड़ी पर कार्रवाई

पटना के बरी पहाड़ी के निकट स्थित मां एंटरप्राइजेज में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिसलेरी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बड़ी खेप नष्ट की। यहाँ एक लीटर की छब्बीस हजार रुपए मूल्य की बयालीस सौ बोतलें तथा पाँच सौ मिलीलीटर की चौंतीस हजार पाँच सौ साठ रुपए मूल्य की दस हजार तीन सौड़सठ बोतलें जब्त की गईं। इस प्रकार कुल पंद्रह हजार एक सौड़सठ बोतलें, जिनका कुल मूल्य बासठ हजार छः सौ पैंतालीस रुपए था, नष्ट की गईं। साथ ही जांच के लिए कई नमूने भी संग्रहित किए गए।

आदित्य और कृष्णा एंटरप्राइजेज पर भी शिकंजा

बेउर थाना क्षेत्र स्थित आदित्य एंटरप्राइजेज के निरीक्षण के दौरान विभिन्न ब्रांडों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। यहाँ बिसलेरी, सुहर बिसलेरी, आदित्य बिसलेरी और न्यूट्रीएंट्रल ब्रांड के उत्पादों पर कार्रवाई करते हुए चौदह दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं, संपतचक के सोनागोपालपुर स्थित कृष्णा एंटरप्राइजेज से बिसलेरी, संजीवनी और न्यूट्री ड्रॉप की बोतलों समेत कुल एक लाख पाँच हजार दो सौ रुपए मूल्य की सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram