Ranchi : झारखंड में रविवार को आयोजित JTET परीक्षा के दौरान ट्रेन की देरी ने अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। घंटों तक ट्रेनों के इंतजार से परेशान छात्रों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन से रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है कि रविवार को झारखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित की जा रही है। करीब 10 साल बाद हो रही इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए कई छात्र दूसरे जिलों से ट्रेन के जरिए जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच रहे थे।
लेकिन ट्रेनों के निर्धारित समय से काफी देर से चलने के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी होने का डर सताने लगा। इससे नाराज छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक मेहनत कर इस परीक्षा की तैयारी की है। रेलवे की लापरवाही के कारण यदि वे परीक्षा से वंचित रह जाते हैं, तो इससे उनके भविष्य पर असर पड़ सकता है।
छात्रों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान ट्रेनों का परिचालन सुचारू और समय पर किया जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।






