Patna: बिहार में शहरी सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल, सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवा आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (NUDM) के अंतर्गत राज्य के सभी नगर निकायों के लिए विकसित ‘UPYOG’ पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर पोर्टल की कार्यप्रणाली पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई और मुख्यमंत्री के समक्ष इसका लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
प्रथम चरण में 10 मॉड्यूल की शुरुआत, 264 निकायों को मिला साझा प्लेटफॉर्म
इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शहरी सेवाएं आसानी से और तेज गति से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा एकीकृत ई-गवर्नेंस पोर्टल के जरिए सभी शहरी सेवाओं को डिजिटल किया जा रहा है। प्रथम चरण में पोर्टल के कुल 19 में से 10 प्रमुख मॉड्यूल शुरू किए गए हैं।
इनमें विज्ञापन प्रबंधन, ट्रेड लाइसेंस, जल एवं सीवरेज कनेक्शन प्रबंधन, परिसंपत्ति प्रबंधन, वाहन बेड़ा प्रबंधन, नगरपालिका लेखा एवं वित्त प्रबंधन, भवन नक्शा स्वीकृति, विधि मॉड्यूल, सामग्री प्रबंधन तथा लोक शिकायत निवारण जैसी सेवाएं शामिल हैं। राज्य के सभी 264 शहरी स्थानीय निकायों को इस साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे नागरिकों को भवन निर्माण की अनुमति और अन्य डिजिटल प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।
गर्दनीबाग में बनेगा अत्याधुनिक आईटी हब
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में नगर विकास एवं आवास विभाग और नेशनल बिल्डिंग्स कन्स्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) के बीच विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया। इसके तहत पहली परियोजना में पटना में टीवी टावर के निकट बिहार राज्य आवास बोर्ड के सेक्टर-5 स्थित लगभग 8.5 एकड़ भूमि पर वित्तपोषित आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, गर्दनीबाग में एक अत्याधुनिक टेक पार्क (आईटी हब) के निर्माण के लिए सूचना प्रावैधिकी विभाग तथा एनबीसीसी के बीच समझौता हुआ है। साथ ही, जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवनों (IB) को आधुनिक टॉवर के रूप में विकसित करने के लिए भी एनबीसीसी के साथ करार किया गया है।
शहरी विकास को मिलेगी नई गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज का दिन बिहार के शहरी विकास के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। UPYOG पोर्टल और एनबीसीसी के साथ हुए समझौते राज्य की आधारभूत संरचना को पूरी तरह रूपांतरित कर देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से न केवल नगर निकायों की कार्यप्रणाली सुधरेगी, बल्कि जनता के कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी। इन तमाम आधुनिक परियोजनाओं से राज्य में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के महापौर, पार्षद व नगर आयुक्त जुड़े रहे।







