New Delhi: दिल्ली में शराब खरीदने का तरीका अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रहा है। अब ग्राहकों को अपना पसंदीदा ब्रांड खरीदने के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान के चक्कर नहीं लगाने होंगे। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ ऐप के जरिए शराब की ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल पेमेंट की सुविधा शुरू की है। इस नई व्यवस्था से ग्राहकों का समय बचेगा और उन्हें पारदर्शिता के साथ स्टॉक की सही जानकारी मिल सकेगी।
ऐप के जरिए ऐसे काम करेगी पूरी प्रक्रिया
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए ग्राहकों को मोबाइल ऐप पर उपलब्ध ब्रांड्स की जानकारी देखनी होगी। इसके बाद ग्राहक अपनी पसंद की दुकान चुन सकेंगे और बोतल का आकार व मात्रा तय करके ऑनलाइन पेमेंट कर पाएंगे।
भुगतान पूरा होने के बाद ग्राहकों को एक क्यूआर कोड मिलेगा, जिसे संबंधित दुकान पर दिखाकर अपना ऑर्डर प्राप्त किया जा सकता है। फिलहाल यह सुविधा शुरुआती चरण में शहर की 208 शराब दुकानों पर उपलब्ध कराई गई है।
जरूरी नियम और शर्तें
– होम डिलीवरी नहीं: ऑनलाइन बुकिंग के बाद शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहक को खुद चुनी हुई दुकान पर जाकर ऑर्डर कलेक्ट करना होगा।
– समयसीमा: बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर दुकान से ऑर्डर उठाना अनिवार्य होगा।
– कैंसिलेशन और रिटर्न: ऑर्डर लेने से पहले उसे रद्द करने का विकल्प मिलेगा, लेकिन शराब मिलने के बाद रिटर्न या एक्सचेंज की सुविधा नहीं होगी। इसलिए ब्रांड, मात्रा और दुकान चुनते समय पूरी सावधानी बरतनी जरूरी है।
– आयु सीमा और मात्रा: इस ऐप का इस्तेमाल करने के लिए न्यूनतम उम्र 25 वर्ष निर्धारित की गई है। नियम के अनुसार एक बार में अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीदने की सीमा तय की गई है।





