पश्चिमी सिंहभूम : जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिंतुगड़ा गांव में बुधवार सुबह एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाल्मी सिंकु के रूप में हुई है। आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद पति मांगील सिंकु ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बता दें कि जिंतुगड़ा गांव जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है।
सुबह चार बजे पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे शाल्मी सिंकु और उसके पति मांगील सिंकु के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पति ने गैंता से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी तब मिली, जब गांव के सुब्बल सिंकु के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने शाल्मी सिंकु से बात कराने को कहा। इसके बाद सुब्बल महिला के घर पहुंचे। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा खोलकर देखा तो महिला का शव घर के अंदर पड़ा था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सुब्बल सिंकु ने घटना की जानकारी ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को दी। इसके बाद सोमनाथ ने जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सोनाराम सिंकु भी गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं आरोपित पति मांगील सिंकु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।




