रांची : बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस का परिचालन अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। ट्रेन रद्द होने से टाटानगर और चक्रधरपुर समेत झारखंड के कई स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
इन तारीखों में नहीं चलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 27, 28, 29 और 30 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 28, 29, 30 और 31 अक्टूबर को नहीं चलेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात 27 अक्टूबर तक बहुत गंभीर तूफान का रूप ले सकता है। इसके 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने की संभावना है। तूफान के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।
झारखंड में भी दिख सकता है असर
चक्रवाती तूफान का प्रभाव रांची सहित झारखंड के कुछ जिलों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।




