रांची : जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता के लापता होने का मामला सामने आया है। 31 वर्षीय देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं। सोमवार को वह अपने दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। लेकिन यात्रा के दौरान वह लापता हो गए। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। घटना के बाद परिजन और दोस्त परेशान हैं।
मुरी जंक्शन से पहले ट्रेन से उतरने की जानकारी
जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता और गौतम कुमार सोमवार दोपहर करीब 2:25 बजे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। बताया जा रहा है कि देवपालिक मुरी जंक्शन पहुंचने से पहले ही ट्रेन से उतर गए थे। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से उतरे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
IIMC दिल्ली के पूर्व छात्र हैं देवपालिक
देवपालिक गुप्ता दिल्ली के भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के 2018 बैच के पूर्व छात्र हैं। फिलहाल वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के पद पर काम कर रहे हैं। उनके अचानक लापता होने के बाद दोस्तों और परिजनों ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मदद मांगी है।
RPF और GRP की टीम कर रही तलाश
रांची रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार पांडे ने बताया कि इस मामले में मुरी जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मिलकर देवपालिक की तलाश कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रेन से उतरने के बाद वह कहां गए।
आरपीएफ कमांडेंट के अनुसार, देवपालिक का मोबाइल फोन बंद है। रात करीब दो बजे फोन बंद होने की जानकारी मिली थी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिजनों ने लोगों से की मदद की अपील
देवपालिक जनशताब्दी एक्सप्रेस (12366) के कोच C-2 की सीट नंबर 50 पर यात्रा कर रहे थे। उनके परिजनों और दोस्तों ने लोगों से तलाश में मदद करने की अपील की है। अगर किसी को देवपालिक गुप्ता के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वह 8431143526 नंबर पर संपर्क कर सकता है।




