धनबाद : धनबाद मंडल कारा में सोमवार की देर रात जिला प्रशासन ने औचक छापेमारी की। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों की तलाशी ली। इस दौरान पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद किए गए।
जेल के सात वार्डों में चला तलाशी अभियान
छापेमारी के दौरान जेल के पांच पुरुष वार्ड, एक महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की जांच की गई। अलग-अलग डीएसपी ने पुरुष वार्डों की तलाशी ली, जबकि महिला पुलिस अधिकारियों ने महिला वार्ड की जांच की। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। जांच में जेल की अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
छापेमारी में सैकड़ों पुलिसकर्मी रहे शामिल
जेल में अचानक हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था की जांच करना और प्रतिबंधित सामान की मौजूदगी का पता लगाना था। अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों के पालन की भी जांच की, ताकि जेल के अंदर किसी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
छापेमारी में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बरांगे समेत कई डीएसपी, एसडीपीओ और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।




