फॉण्ट कनवर्टर NEW

रेलवे में 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएट खिलाड़ियों के लिए नौकरी का मौका, 54 पदों पर होगी भर्ती

सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे में खेल कोटे के तहत 54 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 31 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे में खेल कोटे के तहत 54 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 31 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू होगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

इस भर्ती में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। उम्मीदवारों का चयन उनकी खेल उपलब्धियों, ट्रायल और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा।

किस लेवल पर कितने पद खाली?

दक्षिण पूर्व रेलवे ने कुल 54 पदों के लिए भर्ती निकाली है। इसमें लेवल-4/5 के पांच, लेवल-2/3 के 16 और लेवल-1 के 33 पद शामिल हैं।

लेवल-4/5 के पदों के लिए उम्मीदवार का स्नातक होना जरूरी है। वहीं लेवल-2/3 के लिए 12वीं पास और लेवल-1 के लिए 10वीं, आईटीआई या नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट की योग्यता होनी चाहिए।

क्रिकेट, फुटबॉल और तीरंदाजी समेत कई खेल शामिल

इस भर्ती में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, शतरंज, टेबल टेनिस, बॉडी बिल्डिंग, साइक्लिंग, जिम्नास्टिक, राइफल शूटिंग, बॉल बैडमिंटन, गोल्फ, वॉलीबॉल, वाटर पोलो, भारोत्तोलन और ब्रिज के खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं।

उम्र सीमा 18 से 25 साल

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। इस भर्ती में उम्र सीमा में छूट का प्रावधान नहीं है।

उम्मीदवारों के खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र 1 अप्रैल 2024 या उसके बाद आयोजित प्रतियोगिताओं के होने चाहिए।

100 अंकों के आधार पर होगा चयन

भर्ती के लिए उम्मीदवारों का मूल्यांकन कुल 100 अंकों में किया जाएगा। इसमें खेल उपलब्धियों के लिए 50 अंक, ट्रायल और फिटनेस के लिए 40 अंक तथा पढ़ाई के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।

ट्रायल में कम से कम 25 अंक हासिल करना जरूरी है। इसके अलावा लेवल-4/5 के लिए कुल न्यूनतम 70 अंक, लेवल-2/3 के लिए 65 अंक और लेवल-1 के लिए 60 अंक जरूरी होंगे।

आवेदन के लिए कितना देना होगा शुल्क?

सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग, पूर्व सैनिक, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये है।

नियमों के अनुसार ट्रायल में शामिल होने वाले पात्र उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का कुछ हिस्सा वापस किया जाएगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार दक्षिण पूर्व रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcser.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होगी और 30 नवंबर को समाप्त होगी।

ट्रायल की तारीख और स्थान की जानकारी रेलवे की वेबसाइट पर बाद में जारी की जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram