फिलीपींस : फिलीपींस में शनिवार को सैन्य विमान हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई। ट्रेनिंग के दौरान हवा में उड़ रहे दो सैन्य विमान आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। फिलीपीन वायु सेना ने हादसे की पुष्टि की है। घटना राजधानी मनीला के दक्षिण में स्थित फर्नांडो एयर बेस के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, दोनों विमान SF-260 सिंगल-प्रोपेलर मॉडल के थे। ट्रेनिंग के दौरान दोनों ने उड़ान भरी थी। इसी बीच हवा में उनकी टक्कर हो गई और दोनों विमान नीचे गिर गए।
एयर बेस परिसर में गिरे दोनों विमान
फिलीपीन वायु सेना के प्रवक्ता कर्नल एल्विन कैपिंगुइयन ने बताया कि हादसे के बाद दोनों विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही गिरे। दुर्घटना में चार पायलटों की जान चली गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
हादसे की जांच शुरू, विमानों की उड़ान रोकी गई
वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों विमान हवा में कैसे टकराए।
हादसे के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलीपीन वायु सेना ने सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
मई में भी हुआ था सैन्य विमान हादसा
इससे पहले मई में फिलीपींस के बेंग्युएट प्रांत में भी एक SF-260 सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय विमान ट्रेनिंग उड़ान पर था। हादसे में दो सैन्य पायलटों की मौत हो गई थी।
अब एक बार फिर इसी मॉडल के दो विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने से सैन्य विमानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वायु सेना पूरे मामले की जांच कर रही है।




