फॉण्ट कनवर्टर NEW

सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, बिना अनुमति इस्तेमाल करने पर निगम सख्त

राजधानी रांची में अब नगर निगम के सामुदायिक भवनों की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी। नगर निगम ने पहले चरण में शहर के पांच सामुदायिक भवनों के लिए यह सुविधा शुरू की है। लोग अब घर बैठे अपनी जरूरत के अनुसार भवन और तारीख का

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी रांची में अब नगर निगम के सामुदायिक भवनों की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी। नगर निगम ने पहले चरण में शहर के पांच सामुदायिक भवनों के लिए यह सुविधा शुरू की है। लोग अब घर बैठे अपनी जरूरत के अनुसार भवन और तारीख का चयन कर बुकिंग कर सकते हैं। हालांकि, नई व्यवस्था लागू होने के बाद भी अब तक किसी भवन की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुई है। वहीं, बिना बुकिंग के भवनों का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिलने पर निगम ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।

पांच सामुदायिक भवनों में शुरू हुई सुविधा

नगर निगम ने वार्ड संख्या 14 के इंदिरा गांधी चौक, वार्ड 18 के ईस्ट जेल रोड, वार्ड 36 के न्यू पुंदाग, वार्ड 44 के पारस टोली स्थित इलासिया कम्युनिटी हॉल और वार्ड 45 के डोरंडा स्थित ग्वाला टोली, मजार रोड के सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग से जोड़ा है।

इन भवनों की उपलब्धता की जानकारी भी ऑनलाइन मिलेगी। इससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार खाली तारीख देखकर बुकिंग करा सकेंगे।

बुकिंग के बाद ही दी जाएगी भवन की चाबी

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सामुदायिक भवनों के संचालन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित भवनों में ताला लगाने का निर्देश दिया। साथ ही भवनों की चाबियां भू-संपदा शाखा को सौंपने को कहा।

अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद ही संबंधित व्यक्ति को भवन की चाबी दी जाएगी। बिना बुकिंग किसी को भी भवन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं मिलेगी।

घर बैठे ऐसे कर सकेंगे बुकिंग

सामुदायिक भवन बुक करने के लिए लोगों को नगर निगम के पोर्टल apnaranchi.rsccl.in पर जाना होगा। यहां उपलब्ध सामुदायिक भवनों और खाली तारीखों की जानकारी मिलेगी। इसके बाद अपनी पसंद की तारीख चुनकर बुकिंग प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

इन भवनों का उपयोग शादी-विवाह, धार्मिक कार्यक्रम, पारिवारिक समारोह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। नगर निगम का मानना है कि इस नई व्यवस्था से लोगों को सुविधा मिलेगी और सामुदायिक भवनों के गलत इस्तेमाल पर भी रोक लगेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram