Patna: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर के बापू सभागार में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएम सम्राट चौधरी ने नागपुर की ‘नादब्रह्म संस्था’ द्वारा निर्मित महानाट्य ‘संघ सृजन का आविष्कार: युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ का दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस जीवंत महानाट्य का अवलोकन किया। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डॉ. हेडगेवार के संघर्ष, त्याग, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को आमजन तक पहुंचाना है।
राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाज सेवा के संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यह दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक है। डॉ. हेडगेवार के जीवन पर आधारित यह महानाट्य राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाज सेवा जैसे जीवनमूल्यों को बेहद प्रभावशाली ढंग से पेश करता है। वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, दूरदर्शी विचारक और कुशल संगठनकर्ता थे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर राष्ट्रसेवा की एक अनूठी परंपरा की नींव रखी। संघ की शाखाओं के माध्यम से आज करोड़ों लोग देश सेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के कार्यों में निरंतर जुटे हुए हैं।
जेन-जी (Gen-Z) और युवाओं तक पहुंचेगी विचारधार
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं, और आज की नई पीढ़ी यानी ‘जेन-जी’ को डॉ. हेडगेवार के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण भाव से परिचित कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने घोषणा की कि इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे बिहार के अन्य जिलों में भी ले जाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरित हो सकें। राज्य सरकार डॉ. हेडगेवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर ने सीएम को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (बिहार-झारखंड) के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, पटना की महापौर सीता साहू, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और छात्र उपस्थित रहे।




