रांची : विजयादशमी के अवसर पर श्री माहेश्वरी सभा, रांची की ओर से मंगलवार को सेवा सदन पथ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में सामूहिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभा ने लगातार तीसरे साल इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें माहेश्वरी समाज के परिवारों के साथ कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडितों ने गणेश स्तुति, शंखनाद और वैदिक मंत्रों के साथ की। इस दौरान लोगों को शस्त्र पूजन के महत्व और सनातन धर्म की परंपराओं के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा और सुरक्षा दोनों जरूरी हैं। सनातन धर्म में शास्त्र यानी ज्ञान और शस्त्र दोनों का विशेष महत्व है।
स्कंद माता के रूप में पहुंचीं मायरा काबरा
कार्यक्रम में छोटी बच्ची मायरा काबरा स्कंद माता के रूप में पहुंचीं। वहीं, सुषमा कुमारी शेर के स्वरूप में शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ माता के स्वरूप का स्वागत किया।
इस दौरान मंदिर में माता की पूजा-अर्चना की गई। लाल-लाल चुनरी सितारों वाली भजन पर भक्तों ने नृत्य प्रस्तुत किया। नृत्य की तैयारी खुशबू भाला ने कराई थी, जबकि गीतांजलि भाला ने भजन प्रस्तुत किया। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ और माता की आरती की गई। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा गया।
माहेश्वरी सभा ने दोहराए चार संकल्प
कार्यक्रम के दौरान श्री माहेश्वरी सभा ने अपने नवारंभ अभियान के चार संकल्पों को दोहराया। इनमें गौ माता का सम्मान और संरक्षण, अन्न की बर्बादी रोकना, शस्त्र पूजन और मृत्यु के बाद नेत्रदान करना शामिल है।
सभा की ओर से अतिथियों का तिलक लगाकर और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सनातन धर्म की परंपराओं को आगे बढ़ाने और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश मिलता है।
सीपी सिंह और सुबोध कांत सहाय समेत कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह और पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय मुख्य रूप से शामिल हुए। इनके अलावा झारखंड-बिहार माहेश्वरी महिला अध्यक्ष संगीता चितलांगिया, सभा के कोषाध्यक्ष मनोज काबरा, उपाध्यक्ष गोवर्धन भाला, महावीर प्रसाद सोमानी, राजकुमार मारू, किशन साबू, बजरंग सोमानी, उमाशंकर बियानी और विजय शंकर साबू समेत कई लोग मौजूद रहे।
महिला समिति की सचिव बिमला फलोर, रेनू फलोड़, सुमन चितलांगिया, वंदना मारू, ममता डागा, कुमुद लाखोटिया, भारती चितलांगिया, कविता सोमानी, सुनीता चितलांगिया और अन्य महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजन में इन लोगों का रहा योगदान
कार्यक्रम का संचालन श्री माहेश्वरी सभा, रांची के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने किया। संयोजक अशोक साबू और सहसंयोजक रूपेश भाला, चैतन्य सोमानी और लक्ष्मी चितलांगिया ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। सभा के सचिव मनोज कल्याणी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नरेंद्र लखोटिया, उत्सव मंत्री, शिव शंकर साबू, सुरेश सारडा, विभोर डागा, सौरभ साबू, विनय मंत्री, श्याम बिहानी, राजेश सोमानी, अंकुर डागा और अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
इस आयोजन की जानकारी सभा के मीडिया प्रभारी रोहित शारदा, गिरिजा शंकर पेड़ीवाल और रश्मि मालपानी ने दी।
Read more : फ्रांस दंगों में 54 संगठनों की भूमिका का दावा, भारतीय विचारक पर भी उठे सवाल




